Webdunia: Portal - Search - Mail - Greetings   More >>
Support | Font Download | Feedback
Search  
Welcome, Guest  [ Register | Sign In ]

मैंने नंगी आंखों से जीवन की जघन्यता को देखा है

युवा रंगकर्मियों से मुखातिब ख्यात नाटककार विजय तेंडुलकर

एक ब्लॉग है पैशन फार सिनेमा। मुंबई में तीन रंगकर्मियों सुमित, वैभव और अभिजीत ने १९ मार्च २००६ को ख्यात रंगकर्मी विजय तेंडुलकर से बातचीत की थी। यह बातचीत इसी ब्लॉग पर है। मुझे लगा यह एक दिलचस्प बातचीत है औऱ इसका अनुवाद होना चाहिए। मैंने इस बातचीत से सवाल हटा दिए हैं औऱ विजय तेंडुलकर ने जो जवाब दिए थे उन्हें मिलाकर यह अनुवाद किया है। इस बातचीत में उनके जवाब मुझे उनके आत्मकथ्य जैसे लग रहे थे लिहाजा मैं उन्हें उनके आत्मकथ्य की तरह ही प्रस्तुत कर रहा हूं। पैशन फार सिनेमा के प्रति आभार मानते हुए।

मैं निजी तौर पर ऐसे लोगों की परवाह नहीं करता जो जिंदगी से रूबरू नहीं हुए हैं। वे सचाइयों से ऐसे आंख मूंद लेते हैं जैसे वे है ही नहीं जबकि सच यह है कि जिंदगी अंधेरी औऱ क्रूर है। इसी कारण लोग सच की परवाह नहीं करते। लोग जीवन की सचाइयों को इसलिए नहीं देखना चाहते क्योंकि वह उन्हें पेरशान करती है। यदि इन सचाइयों से भागना ही आपके लिए जीना है तो फिर आप सच को कभी नहीं देख पाएंगे। मैं हायपोथेटिकल होकर नहीं लिखता, मैं दुःख के काल्पनिक संसार को भी नहीं रचता। मैं एक मध्यमवर्गीय परिवार से हूं औऱ मैंने अपनी नंगी आंखों से जीवन की जघन्यता को देखा है। मेरा लिखा मेरे भीतर से पैदा होता है औऱ यह मेरे देखे संसार का नतीजा है जिसमें मैं जीता हूं। जो मनोरंजन करना चाहते हैं वे करें लेकिन मैं तो सच ही बोलूंगा-लिखूंगा।
यदि आप चीजों को अच्छे-बुरे, सही-गलत के नजरिये से देखने की कोशिश करेंगे तो सच को कभी भी समग्रता में नहीं देख पाएंगे। गुनहगार, सिर्फ गुनहगार नहीं होता, एक हत्यारा भी स्नेही पिता हो सकता है। चीजों पर किसी तरह का कोई चस्पां नहीं लगाया जाना चाहिए। आप और हम जिन शब्दों का इस्तेमाल करते हैं वे पूरे दृश्य को रचने के लिए लिए नाकाफी हैं। हमेशा शब्दकोशों में भरे अर्थों से बचने की कोशिश करना चाहिए। मैं अपने लिए जरूरी मानता हूं कि लगातार खुली आंखों से देखता रहूं। मेरे लेखन में यह सब बिना सजग हुए बहुत सहज ढंग से अभिव्यक्त होता है।
आपके भोगे अनुभव और अभिव्यक्ति में एक दूरी का होना जरूरी है, इससे बहुत मदद मिलती है। उसी वक्त लिखना जरूरी नहीं है जब आप किसी अनुभव से गुजरते हैं। उसे समय दीजिए, इससे आप चीजों को सही और साफ ढंग से देख पाएंगे। जब आप अपने भोगे अनुभव से एक दूरी पर खड़े होंगे, तब चीजों को बाहर से देख पाएंगे। तब आप जो लिखेंगे वह ज्यादा ईमानदारी भरा होगा। रचने की यातना में सच हमेशा वहां मौजूद होगा। यह तपस्या की तरह है, इसे सहना आना चाहिए।
नए लेखकों को इससे घबराना नहीं चाहिए कि वे किसी बात के बारे में बहुत गहराई से महसूस करते हैं और लिखने बैठते हैं, तो बचकाना लगता है। यह कई अनुभवी लेखकों के साथ भी होता है। जो लिखा है, उसके पास दस दिन बाद, बीस दिन बाद लौटें और फिर लिखें और तब आप पाएंगे हां यह सार्थक है। लिखने के पहले मै कुछ भी जानने की कोशिश नहीं करता, बस मैं लिखता हूं। लिखने के लिए कोई जिंदा नहीं रहता, आप जिंदा रहें और लेखने उसमें से पैदा होता है। मैं अपनी आंखों को खुली रखते हुए जीता हूं, बारीकी से अवलोकन करता हूं और तब मै जो महसूस करता हूं वहीं से लेखन पैदा होता है कि मैंने क्या देखा औऱ फिर लिखता हूं। मैं कुछ महसूस करता हूं और तब उसे अभिव्यक्त करता हूं। मेरा लेखन मेरे जिए जीवन से आता है।
रचना प्रक्रियाएं कई तरह की होती हैं। हर लेखक के लिए अलग-अलग तरीके से ये काम करती हैं। उदाहरण के अफजल का प्रकरण लें। इस संबंध में तमाम अखबारों और पत्रिकाअों में छपे लेखों को पढ़ता हूं, उसके बारे में धीरे धीरे सभी सूचनाएं इकट्ठा करता हूं। हो सकता है किसी दिन उसके बारे में मैं कुछ लिखूं।
मैं सोचता हूं, दृष्टा और घटना का सहअस्तित्व ही यथार्थ है। यथार्थ तभी यथार्थ होता है जब वह देखा गया है। एक एब्सोल्यूट यथार्थ जैसी कोई चीज नहीं होती। परेशान होने की जरूरत नहीं, आप जो देखते हैं वह लिखें। अच्छा लिखने के लिए अच्छा पढ़ना जरूरी है। अपने कमरे में अकेला बैठा आदमी किताब पढ़ रहा है और बाहर नहीं देख रहा है लेकिन यदि आप अवलोकन करते हैं और पढ़ते भी हैं तो यह आपकी भाषा के औजारों को और भी धारदार बनाता है। इससे आपको अभिव्यक्ति के तरीके मालूम पड़ते हैं। यह सीखना चाहिए कि कैसे अपने को अभिव्यक्त किया जाए। इससे भाषा मंजती है और लिखना आसान होता है। पढ़ना एक अलग ही अनुभव है। आपका लेखन हमेशा आपके अनुभवों औऱ दूसरे लोगों से प्रभावित रहता है।
लिखने के लिए कोई उम्र नहीं होती। मैंने तो बहुत कम उम्र से लिखना शुरू कर दिया था। लेकिन अधिक उम्र में भी लिखते हैं तो इसे देरी से शुरूआत कतई न मानें। उम्र की कभी चिंता नहीं करना चाहिए। मेरे ऐसे दोस्त हैं जिन्होंने ५० की उम्र में लिखना शुरू किया और वे बहुत खूब लिख रहे हैं। बस लिखते रहें, वह संभव होगा।

प्रतिक्रियाएँ

Re: मैंने नंगी आंखों से जीवन की जघन्यता को देखा है
रविंद्र जी आपने ले‍खन संबंधी विजय तेंडुलकर जी के विचारों से अवगत कराया इसके लिए धन्यवाद। 'एक एब्सोल्यूट यथार्थ जैसी कोई चीज नहीं होती।' यह बहुत हैरान करने वाली लाइन है। निश्चित ही यह लेख हमारी सोच को जगाता है।
Re: मैंने नंगी आंखों से जीवन की जघन्यता को देखा है
जी हां, एब्‍सोल्‍यूट यथार्थ वाली बात बिल्‍कुल ठीक है. विजय तेंडुलकर को अगर 'अर्धसत्‍यों' का रचनाकार कहें तो ग़लत नहीं होगा, क्‍योंकि जीवन अर्धसत्‍यों से भरा पड़ा है. -सुशोभित
अस्वीकरण